1 अगस्त ओरल हाइजीन डे विशेष: दांत शरीर का अभिन्न अंग, दर्द से निजात के लिए रूट कैनाल कारगर इलाज – डॉ. नवाज

भिलाई। 1 अगस्त को ओरल हाइजीन डे के अवसर पर दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. एम.एस. नवाज और डॉ. मो. सबा नवाज ने मौखिक स्वास्थ्य को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह शरीर को स्वस्थ रखना जरूरी है, उसी तरह दांतों और मसूड़ों की देखभाल भी बेहद जरूरी है। दांत सिर्फ खाने को चबाने का काम नहीं करते, बल्कि आपकी मुस्कान और व्यक्तित्व को भी निखारते हैं।
क्यों जरूरी है ओरल हाइजीन?
डॉ. नवाज ने बताया कि मुंह का सीधा संबंध पूरे शरीर से है। मुंह में संक्रमण होने पर बैक्टीरिया लार के जरिए पेट और फिर खून के माध्यम से शरीर के दूसरे हिस्सों में पहुंच जाते हैं। इससे हृदय रोग, डायबिटीज, निमोनिया, गर्भावस्था में जटिलताएं, अल्जाइमर, स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
अच्छी मौखिक स्वच्छता के फायदे –
दांतों में सड़न और मसूड़ों की बीमारी से बचाव
सांसों में बदबू की समस्या खत्म
फिलिंग, क्राउन, ब्रिज और इम्प्लांट की जरूरत कम
मुंह के कैंसर और हृदय रोग का खतरा कम
मेडिकल स्टोर से दवा लेना खतरनाक
डॉ. सबा नवाज ने कहा कि दांत दर्द में लोग अक्सर मेडिकल स्टोर से खुद दवा लेकर खा लेते हैं। यह इलाज नहीं, बल्कि समस्या को और गंभीर बनाना है। दवा हमेशा डॉक्टर की सलाह पर ही लें। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में कैविटी आज सबसे आम समस्या है।
कब जरूरत पड़ती है रूट कैनाल की?
जब दांत की सड़न नस (पल्प) तक पहुंच जाती है तो तेज दर्द, सूजन, मवाद, ठंडा-गर्म लगना, दांत का रंग बदलना या मसूड़ों में गांठ जैसी समस्याएं होती हैं। ऐसी स्थिति में रूट कैनाल ट्रीटमेंट (RCT) ही सबसे प्रभावी समाधान है। पहले ऐसे दांत निकाल दिए जाते थे, लेकिन अब RCT से प्राकृतिक दांत को बचाया जा सकता है।
रूट कैनाल कैसे होता है?
एक्सेस ओपनिंग – दांत में छोटा छेद कर संक्रमित नस तक पहुंचा जाता है।
क्लीनिंग और डिसइंफेक्शन – विशेष उपकरणों से संक्रमित पल्प को निकालकर अंदर से पूरी तरह साफ और कीटाणुरहित किया जाता है।
फिलिंग – साफ की गई जगह को गट्टा-पर्चा और सीलर से भरकर सील कर दिया जाता है।
कैपिंग – दांत को मजबूत और लंबे समय तक चलाने के लिए ऊपर से क्राउन/कैप लगाया जाता है।
यह प्रक्रिया एनेस्थीसिया देकर की जाती है, इसलिए दर्द नहीं होता। उपचार से पहले भोजन करके आएं। सुन्नपन 2-3 घंटे रहता है, तब तक कुछ भी चबाने से बचें।
कितना समय और खर्च?
डॉ. नवाज के अनुसार RCT में 1-2 दिन के गैप से 3 से 4 सिटिंग लगती हैं। सामने वाले दांत में 1 कैनाल और पीछे वाले दांत में कई कैनाल होने से समय अलग-अलग लगता है। यदि सूजन या पस अधिक है तो 1-2 सिटिंग बढ़ सकती है। खर्च डॉक्टर के अनुभव और सामग्री पर निर्भर करता है, सामान्यतः 2000 से 10000 रुपये तक, कैप का खर्च अलग।
रूट कैनाल के बाद इन बातों का रखें ध्यान
दिन में 2 बार ब्रश और रोज फ्लॉस जरूर करें
कैप वाले दांत में इंटरडेंटल ब्रश या वाटर फ्लॉसर का उपयोग करें
कुछ दिन कठोर और चिपचिपी चीजें खाने से बचें
साल में एक बार दांतों की जांच और एक्स-रे कराएं
दर्द दोबारा होने पर री-रूट कैनाल भी किया जा सकता है




