खाद-बीज के वितरण में न हो कोई परेशानी: कलेक्टर

बलरामपुर में खरीफ सीजन की तैयारी के तहत कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड बलरामपुर के तातापानी सहकारी समिति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खाद और बीज के भंडारण की स्थिति देखी और किसानों को हो रहे वितरण की व्यवस्था की जांच की। कलेक्टर ने समिति में उपलब्ध खाद-बीज के स्टॉक की जानकारी ली और वितरण प्रक्रिया पर सवाल किए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भंडारण व्यवस्था दुरुस्त रहे और वितरण में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी किसान को खाद या बीज लेने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।प्रशासन की प्राथमिकता समय पर गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग को लेकर किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को सही मात्रा और उपयोग की विधि की जानकारी दी जाए, ताकि कम मात्रा में उर्वरक का उपयोग कर बेहतर उत्पादन लिया जा सके। लघु और सीमांत किसानों को प्राथमिकता के आधार पर खाद और बीज देने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने समिति में पहुंचे किसानों से बातचीत कर नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग के अनुभव पूछे।




