क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, द.पू.म.रेलवे बिलासपुर की 74वीं बैठक एवं राजभाषा पखवाड़ा 2025 का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, द.पू.म.रेलवे बिलासपुर की 74वीं बैठक एवं राजभाषा पखवाड़ा 2025 का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न
छत्तीसगढ़ बिलासपुर भूपेंद्र साहू ब्यूरो रिपोर्ट।:- – 29 सितंबर 2025 क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की 74वीं बैठक तथा राजभाषा पखवाड़ा 2025 का पुरस्कार वितरण समारोह तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर की अध्यक्षता में आज दिनांक 29, सितंबर 2025 को ज़ोनल सभाकक्ष, तृतीय तल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर में संपन्न हुआ । बैठक के प्रारंभ में शिवशंकर लकड़ा, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य सामग्री प्रबंधक – । ने महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक, सभी विभाग प्रमुख, मंडलों/कारखानों से पधारे अपर मंडल रेल प्रबंधक तथा मुख्य कारखाना प्रबंधक के साथ ही राजभाषा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के पुरस्कार विजेता अधिकारियों/कर्मचारियों का स्वागत किया ।
इस अवसर पर गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग, नई दिल्ली द्वारा राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने हेतु तरुण प्रकाश, अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक को प्रदान किया गया प्रशस्ति पत्र, शिवशंकर लकड़ा, मुख्य राजभाषा अधिकारी द्वारा सौंपा गया । तत्पश्चात लकड़ा ने 74वीं बैठक की कार्यसूची पर चर्चा करते हुए जून 2025 को समाप्त तिमाही में हुई राजभाषा प्रगति पर मदवार आंकड़े प्रस्तुत किये, जिस पर बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विस्तारपूर्वक चर्चा की ।
अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक, तरुण प्रकाश ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा है तथा इससे संबंधित सभी नीतियों एवं नियमों का पूर्ण अनुपालन करना हमारा संवैधानिक दायित्व है । इसके लिए यह आवश्यक है कि इस रेलवे के सभी कार्मिक अपने कार्यालयीन कामकाज हिंदी भाषा में ही करने का संकल्प लें । उन्होंने राजभाषा पखवाड़ा 2025 के दौरान जोनल रेलवे तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी बधाई दी ।
अपने संबोधन में अपर महाप्रबंधक, विजय कुमार साहू ने कहा कि केंद्र सरकार का कार्यालय होने के कारण रेलवे में हिंदी भाषा का विशेष स्थान है । इस रेलवे में राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग सुनिश्चित करने के लिए हम सभी को प्रत्येक स्तर पर पहल करना होगा । जब राजभाषा हिंदी के प्रयोग के प्रति गंभीरता और सच्ची निष्ठा होगी तभी इसका क्रियान्वयन सही अर्थों में हो सकेगा ।
इस अवसर पर शिवशंकर लकड़ा, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य सामग्री प्रबंधक – । ने कहा कि कि जोनल कार्यालय सहित मंडलों एवं कारखानों में राजभाषा पखवाड़ा-2025 पूरे उत्साह से मनाया गया । प्रधान कार्यालय में दिनांक 14.09.2025 से 29.09.2025 तक रेलवे तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हिंदी की विभिन्न प्रेरक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं । जिनमें रेलवे के कुल 94 तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के कुल 43 प्रतिभागी शामिल हुए । इस प्रकार सभी प्रतियोगिताओं में कुल 137 कार्मिकों ने भाग लिया । इन प्रतियोगिताओं में प्रधान कार्यालय के कुल 28 विजेता तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के कुल 16 पुरस्कार विजेता रहे ।
राजभाषा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत रेलवे कर्मचारियों/अधिकारियों के लिए हिंदी वाक्, हिंदी टिप्पण आलेखन, हिंदी निबंध लेखन, स्वरचित हिंदी काव्य पाठ (गीत एवं गज़ल गायन), हिंदी पुस्तक समीक्षा तथा राजभाषा प्रश्नमंच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया । इसी प्रकार नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के सदस्य कार्यालयों के कार्मिकों के लिए हिंदी वाक्, हिंदी टिप्पण आलेखन, हिंदी निबंध लेखन, स्वरचित हिंदी काव्य पाठ (गीत एवं गज़ल गायन) प्रतियोगिताएं का आयोजन किया गया । राजभाषा पखवाड़ा 2025 के पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा प्रेरणा पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी 44 विजेता अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर तरुण प्रकाश के करकमलों से पुरस्कृत किया गया ।




