राज्योत्सव के प्रदर्शनी में नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ और उपलब्धियों के बारे में दी गई जानकारी

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा लगाएं गए स्टॉलों का किया अवलोकन
राज्योत्सव के प्रदर्शनी में नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ और उपलब्धियों के बारे में दी गई जानकारी
कवर्धा, 05 नवम्बर 2024। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की 25 वीं वर्षगांठ के अवसर पर कवर्धा के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम में राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर आधारित विकास सह-प्रदर्शनी स्टॉल लगाई गई। जिला जनसंपर्क विभाग में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की छायाचित्र प्रदर्शनी लगायी गयी। राज्योत्सव के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा सहित जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, जनपद अध्यक्ष श्री बालक राम किनकर वर्मा, जिला पंचायत सदस्य श्री वीरेन्द्र साहू, श्री लोकचंद साहू, श्री मानीराम साहू, रिंकेश वैष्णव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशीराम धुर्वे, श्री नितेश अग्रवाल, कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री अजय कुमार त्रिपाठी अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
राज्योत्सव कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में पुलिस विभाग, जल संसाधन विभाग, क्रेडा, राजस्व, हाउसिंग बोर्ड, कृषि, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, बैंक, पीएचई, पशु चिकित्सा विभाग, वन विभाग, जिला पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, आयुर्वेद विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्यान विभाग, शक्कर कारखाना, लोक निर्माण, समाज कल्याण विभाग, पीएमजीएसवाई, विधिक सहायता, परिवहन विभाग और श्रम विभाग ने प्रर्दशनी लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में नागरिकों को बताया गया। विभागों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी।
जनसंपर्क विभाग के छायाचित्र प्रदर्शनी देखने आए लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए गए कार्य सराहनीय हैं। प्रदर्शनी में केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की झलक देखने को मिली, जिससे जनता में शासन के प्रति विश्वास और भी गहरा हुआ। सरकार ने अपने कार्यों के माध्यम से न केवल छत्तीसगढ़ के विकास को गति दी है, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को भी सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के विभिन्न विकास कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों की झलकियां दिखाई गईंं। प्रदर्शनी में दिखाई गई तस्वीरों ने दर्शकों को यह समझने का एक बेहतरीन अवसर दिया कि किस तरह छत्तीसगढ़ की सरकार ने समग्र विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।



